उत्तराखंड के डॉ. सुनील चमोली दुनिया के शीर्ष वैज्ञानिकों में शामिल
उत्तराखंड में जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में सेवारत असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनील चमोली को दुनिया के शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों में शुमार किया गया है। अमेरिका के स्टैनफोर्ड विवि द्वारा जारी साल 2021 के दो फीसदी शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में उनका नाम शामिल किया गया है। टैनफोर्ड विवि कैलिफोर्निया हर वर्ष दुनियाभर के वैज्ञानिकों की रैंकिंग जारी करता है। दुनियाभर के विश्वविद्यालयों का सर्वे कराने के बाद यह सूची जारी की जाती है। सर्वे में वैज्ञानिकों के सबसे उल्लेखनीय शोध देखे जाते हैं। वैज्ञानिक डॉ. चमोली ने बीटेक व एमटेक उत्तराखंड तकनीकी विवि और पीएचडी एनआईटी हमीरपुर से की है। टिहरी जिले के न्यूली गांव के मूल निवासी डॉ. चमोली 2018 से जीबी पंत संस्थान में सेवारत हैं। उन्होंने फ्यूड फ्लो, हीट एक्सचेंजर पर उन्होंने विशेष रूप से शोध कार्य किया है। वे थर्मल सिस्टम के साथ ही ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में अहम योगदान दे रहे हैं। उनके 50 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं।