अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोहों के बीच जेल में हुई मार-काट, 68 कैदियों की मौत
इक्वाडोर की सबसे बड़ी जेल ‘लिटोरल पेनिटेंशरी’ के अंदर शनिवार को अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह से जुड़े प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच लंबे समय तक चली गोलीबारी में 68 कैदी मारे गए और 25 लोग घायल हो गए। प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच शुरुआती लड़ाई करीब आठ घंटे तक चली। कैदियों ने पैवेलियन दो में जाने के लिए दीवार को डायनामाइट से उड़ाने का प्रयास किया और आगजनी की। यह घटना तटीय शहर गुआयाकिल में जेल में सुबह होने से पहले हुई। घटना के काफी देर बाद तक जेल में स्थिति अनियंत्रित रही। राष्ट्रपति के प्रवक्ता कार्लाेस जिजोन ने बताया कि हमें लिटोरल पेनिटेंशरी में नयी झड़पों की सूचना मिली है। हॉल 12 के कैदियों ने हॉल सात के उन लोगों पर हमला किया, जो कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लगभग 700 पुलिस अधिकारी जेल के अंदर एक दल के साथ स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या अधिकारियों ने परिसर पर नियंत्रण हासिल कर लिया है या घटना में क्या कोई और हताहत हुआ है।