महाराष्ट्र : उद्धव सरकार पर संकट, 3 मंत्री और 22 विधायक गुजरात पहुंचे
उद्धव सरकार से नाराज चल रहे महाराष्ट्र के प्रभावशाली मंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र की राजनीति में जबरदस्त हलचल मचा दी है। खबर आ रही है कि वे शिवसेना के 14 और 10 निर्दलीय विधायकों के साथ गुजरात के सूरत में है। इनमें महाराष्ट्र सरकार के 3 मंत्री भी शामिल हैं। एकनाथ शिंदे के इस कदम से 31 महीने के भीतर महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार खतरे में आ गई है। सूत्रों का कहना है कि शिंदे का फोन स्विच ऑफ आ रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सभी विधायक सूरत के ली मेरिडियन होटल में रुके हैं। जिसके बाहर गुजरात पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। इन विधायकों को सूरत लाने में भाजपा के दो बड़े दिग्गज नेताओं का हाथ बताया जा रहा है। तेजी से पलट रहे राजनैतिक घटनाक्रम में अकोला में शिवसेना विधायक नितिन देशमुख की पत्नी ने अपने पति की गुमशुदगी की पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। नितिन देशमुख एकनाथ शिंदे के साथ सूरत के एक होटल में ठहरे हुए हैं।
उधर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई से दिल्ली के लिए निकल गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर मिलने पहुंचे हैं। महाराष्ट्र के साथ केन्द्र की राजनीति भी गर्म है। जबकि शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र में कोई भूकंप नहीं आएगा। कुछ विधायकों को गुमराह किया गया है, जिससे संपर्क नहीं हो पा रहा। उन्होंने कहा कि सूरत में जो विधायक हैं, उन्हें आने नहीं दिया जा रहा है। राउत ने कहा कि सबकी घेराबंदी कर दी गई है। सभी विधायक आना चाहते हैं और वे हर संघर्ष में शिवसेना के साथ रहे हैं।