ठंड और शीतलहर से अभी राहत नहीं
मौसम विभाग ने जनवरी के पूरे हफ्ते उत्तर भारत में शीतलहर जारी रहने और तापमान में गिरावट दर्ज की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत होने पर पहाड़ों पर बर्फबारी और हल्की बारिश की संभावना है। इससे मैदानी इलाकों का तापमान भी कम होगा। इससे उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में हल्की बारिश होने की आशंका है।
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है जबकि दिल्ली में 7 जनवरी तक शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर-पश्चिमी इलाके में दिखेगा। 4 से 7 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश होगी। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश 5 से 7 जनवरी के बीच बारिश की संभावना जताई गयी है।