नरेन्द्र सिंह नेगी का नाम पद्म पुरस्कार के लिए भेजेगी सरकार
उत्तराखण्ड सरकार इस साल लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी का नाम पद्म पुरस्कारों के लिए भेजेगी। राजधानी देहरादून में लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी के 73वें जन्मदिवस पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही राज्य सरकार द्वारा इस संबंध में संस्तुति केंद्र को भेज दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक कलाकारों के हित में एक और शानदार काम होने वाला है जिसमें लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी समेत प्रदेश के लोक संस्कृति के रचनाकारों, लोकगायकों के जीवन परिचय व रचनाओं का अभिलेखीकरण कर पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। उन्होंने उत्तराखंड के प्रमुख रचनाकारों के जीवन परिचय और रचनाओं का अभिलेखीकरण करने की भी घोषणा की। जिसमें लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, मोहन उप्रेती, हीरा सिंह राणा, गिरीश तिवारी गिर्दा, शमशेर सिंह, जीत सिंह नेगी और चंद्र सिंह राही समेत अन्य प्रमुख रचनाकारों की रचनाएं शामिल होंगी। यह बात मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के जीवन दर्शन एवं व्यक्तित्व पर आधारित पुस्तक सृजन से साक्षात्कार के विमोचन के अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि नरेंद्र सिंह नेगी वास्तव में समाज के सफल नायकों के रूप में रहे हैं। उनके गीत राज्यवासियों को अपनी परंपराओं से जोड़ने में मददगार रहे हैं। उन्होंने समृद्ध लोक संस्कृति एवं समाजिक सरोकारों को अपने गीतों एवं संगीत के माध्यम से देश व दुनिया तक पहुंचाने का काम किया। कार्यक्रम में लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि वह भविष्य में भी अपने गीतों के माध्यम से समाज की सेवा करते रहेंगे। समाज के चेहरे पर मुस्कुराहट लाने का उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।