धामी ने केन्द्र से किया विकास योजनाओं की संस्तुति का अनुरोध

विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के वस्थापना विकास और कल्याणकारी योजनाओं संबंधित योजनाओं को स्वीकृत कराने की मंशा से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन ब्रॉडगेज  की स्वीकृति के लिये रक्षा मंत्रालय स्तर से भी संस्तुति करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने जखोली, रुद्रप्रयाग में स्वीकृत सैनिक स्कूल की अवस्थापना सुविधाओं के लिए एमओयू में संशोधन करते हुए केंद्रीय सहायता का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में  केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से भी शिष्टाचार भेंट कर लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की भारत सरकार से वित्तीय स्वीकृति प्रदान करवाने और किसाऊ परियोजना का संशोधित एमओयू किए जाने का अनुरोध किया। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने मुख्यमंत्री धामी को आश्वस्त किया कि परियोजना के लिए भारत सरकार से जल्द वित्तीय स्वीकृति दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने किसाऊ परियोजना के संशोधित एमओयू के लिये भी मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दिन पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, केद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी से भी भेंट की थी। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार डोभाल से भेंट में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा के परिप्रेक्ष्य में उत्तराखंड की भूमिका और इस विषय से जुड़ी चुनौतियों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

अपने पिछले दौरे में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। इस दौरान वह कई केंद्रीय नेताओं और मंत्रियों से मिले थे। राज्य के विकास से जुड़े जिन प्रस्तावों पर केंद्रीय मंत्रियों ने सहमति दी थी, उनकी मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री एक बार फिर पैरवी करने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!