Monday, October 12, 2026
Uttarakhand

कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कैबिनेट बैठक को जनता के पैसे का दुरूपयोग और राजनीतिक चुनावी नौटंकी बताया

कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कैबिनेट बैठक को जनता के पैसे का दुरूपयोग और राजनीतिक चुनावी नौटंकी बताया

हरिद्वार, 12 अक्टूबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा नें हरिद्वार में धामी सरकार की कैबिनेट बैठक को जनता के पैसे की बर्बादी करार दिया है। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि प्रदेश कैबिनेट की हरिद्वार में हुई बैठक जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग और राजनीतिक चुनावी नौटंकी है। कैबिनेट बैठक में ना तो हरिद्वार के हितों के लिए कोई ठोस निर्णय लिया गया और न ही कुम्भ से जुडी योजनाओं पर चर्चा हुई। कैबिनेट की बैठक में जो निर्णय लिए गये उनमें से अधिकतर अधिकारी स्तर पर लिए जा सकते है। उन्होंने कहा कि जिस ऋषिकुल विद्यापीठ में शोध संस्थान खोलने का निर्णय लिया गया। उक्त विद्यापीठ के संचालन के लिए पहले से ही एक संस्था कार्यरत है। बैठक में कोई भी नीतिगत निर्णय नहीं लिया गया। जो निर्णय लिए गये उनमें से अधिकतर अधिकारी स्तर लिए जा सकते हैं। जिसमें खसरा नं. बदलने जैसा निर्णय एडीएम द्वारा लिया जा सकता है। आलोक शर्मा ने कहा कि कुम्भ नगरी में हुई बैठक में कुम्भ से सम्बन्धित कोई भी प्रस्ताव नहीं लिया जाना सरकार की उदासीनता का दर्शाता है। उन्होंने कुम्भ से सम्बन्धित निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप और कहा कि ज्वालापुर, बहादराबाद, कांगड़ी आदि क्षेत्रों को कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग की। कहा कि कुंभ मेले में पांडेय वाला स्थित गुघाल मेला स्थल से पेशवाई निकलती हैं और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते है। ज्वालापुर को ही कुंभ मेला से बाहर रखा गया है। उन्होंने हरिद्वार और रानीपुर के विधायकों से सवाल किया कि हरिद्वार के विकास से जुड़ा कोई भी प्रस्ताव आज कैबिनेट की बैठक में क्यों नहीं था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अंकिता भंडारी के माता पिता द्वारा एक वीडियो जारी कर धामी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि उन्हें भाजपा सरकार से न्याय की कोई उम्मीद नहीं है और जांच के नाम पर उन्हें और उनके संबंधियों को लगातार परेशान किया जा रहा है। इतना ही नहीं जांच एजेंसियां केवल उन्हीं लोगों से पूछताछ कर रही है, जिनसे पहले पूछताछ की जा चुकी है, जबकि इस घटना में शामिल वीआईपी या अन्य लोगों से कोई पूछताछ नहीं की जा रही है। आलोक शर्मा ने दिल्ली में छात्र छात्राओं पर पुलिस द्वारा बर्बरता किए जाने की निन्दा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से देश का हर वर्ग परेशान है। प्रैसवार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चन्द्रा, सुरेश राणा, चंदन शर्मा, श्याम सिंह सहित कई कांग्रेसी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!