Monday, October 12, 2026
Uttarakhand

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सुनी सफाई कर्मचारियों की समस्याएं

*राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सुनी सफाई कर्मचारियों की समस्याएं*

*सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश*

*मृतक सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को एक सप्ताह में सेवायोजित करने तथा 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कार्मिकों के विनियमितीकरण के निर्देश*

*आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमानुसार बोनस, समय पर वेतन देने पर जोर*

*हरिद्वार।राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित बैठक में सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उपलब्ध कराने, उनके सेवा संबंधी मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में सफाई कर्मचारियों के वेतन, श्रम कार्ड, ईपीएफ, गोल्डन कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा उपकरणों और कर्मचारी हितों से जुड़े अन्य विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग के अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न किया जाए और पात्र कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ने सभी संबंधित नगर निकायों को निर्देश दिए कि मृतक सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुरूप एक सप्ताह के भीतर सेवायोजित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 10 वर्ष से अधिक अवधि से कार्यरत सफाई कर्मचारियों के विनियमितीकरण के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ने आउटसोर्स कंपनियों के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार बोनस का लाभ उपलब्ध कराने तथा उनके वेतन और अन्य देयकों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के वेतन भुगतान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

श्री मकवाना ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र कर्मचारी तक पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने के लिए समाज कल्याण विभाग को अधिकाधिक शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र आश्रितों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने और लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाए।

आयोग के अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मलिन बस्तियों और सफाई कर्मचारियों के निवास वाले क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि कर्मचारियों को समय पर उपचार मिल सके।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सफाई कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ उनका निर्धारित मानकों के अनुरूप उपयोग भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने खुले नालों, सीवर और सेफ्टी टैंकों में कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। ऐसे कार्यों में लगे कर्मचारियों का सर्वे कर उनकी सूची तैयार करने और आयोग को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि उनकी पहचान के आधार पर आवश्यक सुरक्षा मानकों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

श्री मकवाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। कार्यस्थल पर उनके लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ वेतन, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा उपकरणों और अन्य निर्धारित लाभों की नियमित निगरानी की जाए। कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कर उनकी कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने पर भी जोर दिया गया।

जनपद आगमन पर नगर आयुक्त नंदन कुमार तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आयोग के अध्यक्ष श्री मकवाना का स्वागत किया। उन्होंने बैठक में दिए गए निर्देशों एवं सुझावों के अनुपालन और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि राजेंद्र श्रमिक, मनोज छांछर, सुनील राजोर, प्रवीण वाल्मीकि, पूनम वाल्मीकि, सुशील वाल्मीकि सहित एसपी सिटी दीपक सिंह, नगर आयुक्त, रुड़की गोपाल राम बिनवाल, जिले के नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, संबंधित विभागों के कर्मचारी तथा सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!