Thursday, May 21, 2026
Uttarakhand

पूर्णागिरि मेले में बढ़ी रौनक, शारदा की ठंडी हवाओं से श्रद्धालुओं को मिल रहा सुकून

मेला प्रशासन अलर्ट, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर सख्ती; जल पुलिस भी सतर्क।

माँ पूर्णागिरि धाम में चल रहे मेले में इन दिनों श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन के साथ-साथ शारदा नदी से आने वाली ठंडी हवाओं का भी आनंद ले रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच पहाड़ की ठंडी फिजा और शांत वातावरण श्रद्धालुओं को खासा सुकून दे रहा है। ठुलीगाड़ बेस कैंप में इन दिनों श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा हुआ है। यहां श्रद्धालुओं के लिए रैन बसेरे के साथ भंडारे की व्यवस्था भी की गई है, जिससे दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को काफी राहत मिल रही है।

बीच मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने ठुलीगाड़ और भैरव मंदिर क्षेत्र में संचालित वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा ओवरलोडिंग पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की सख्ती का असर अब जमीन पर भी दिखाई देने लगा है। मेला मजिस्ट्रेट का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही कई निर्दोष लोगों की जान जोखिम में डाल सकती है। विशेष रूप से वाहनों में यात्रा कर रहे बुजुर्ग श्रद्धालुओं द्वारा घुटन और असुविधा की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

उधर मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है। संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है।
शारदा घाट में स्नान के दौरान जल पुलिस की भूमिका भी सराहनीय बनी हुई है। स्नान के समय असावधानी बरतने वाले लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। विशेष रूप से युवाओं को गहरे पानी में न जाने की हिदायत दी जा रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!