Saturday, May 9, 2026
Uttarakhand

बाल विवाह रोकथाम एवं बाल संरक्षण पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित

विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने किया प्रतिभाग

जिला परिवीक्षा अधिकारी के नेतृत्व में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, जिला बाल संरक्षण इकाई, जिला बाल कल्याण समिति एवं राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति जागरुक करना, बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना तथा चाइल्ड हेल्पलाइन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी पहुंचाना था।

आदर्श विद्या निकेतन हल्दूखाता में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में वक्ताओं द्वारा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणाम, बच्चों के अधिकार, शिक्षा का महत्व, साइबर सुरक्षा, पाक्सो अधिनियम -2012, किशोर न्याय अधिनियम तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरुक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित भी किया गया।

वक्ताओं द्वारा बाल संरक्षण सेवाओं, बच्चों की सुरक्षा, पुनर्वास एवं विभागीय योजनाओं समेत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के तहत बच्चों को संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि बाल श्रम, हिंसा, शोषण, बाल विवाह अथवा किसी भी प्रकार की समस्या से प्रभावित बच्चे 1098 पर निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों की देखरेख, संरक्षण एवं पुनर्वास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए विद्यार्थियों को संवेदनशील एवं जागरुक नागरिक बनने, साइबर सुरक्षा एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जानकारी साझा करते हुए बच्चों को साइबर बुलिंग, आनलाइन धोखाधड़ी एवं इंटरनेट के दुरुपयोग से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति एवं उसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशामुक्त एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना कुकरेती ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में कपिल रतूड़ी (सदस्य जिला बाल कल्याण समिति), अधिवक्ता मयंक थपलियाल (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण), सूरज कुमार (जिला बाल संरक्षण इकाई), शकुंतला नयाल (चाइल्ड हेल्पलाइन 1098), अभिषेक नेगी (राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण) सहित नवीन सकलानी तथा दीपक पांडे मुख्य वक्ता थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!