Saturday, May 9, 2026
Uttarakhand

विश्व रेडक्रास दिवस पर जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित

विश्व रेडक्रास दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रास सोसायटी पौड़ी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 9 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

जिला चिकित्सालय में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला विधिक प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम द्वारा किया गया। शिविर में 19 लोगों द्वारा रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया गया। जिनमें से स्वास्थ्य परीक्षण के बाद 9 लोग ही स्वैच्छिक रक्तदान कर पाए। समस्त रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम ने कहा कि रेडक्रास का उद्देश्य मानव सेवा और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और युवाओं को आगे आकर नियमित रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि अस्पतालों में कई बार रक्त की आवश्यकता अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान से मरीजों को समय पर रक्त मिल जाता है। उनके द्वारा लोगों से नियमित अंतराल पर रक्तदान करने की अपील की गई।

इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. एलडी. सेमवाल, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, जिला रेडक्रास के सचिव केसर सिंह असवाल, राज्य प्रतिनिधि प्रदीप रावत, कार्यकारिणी सदस्य दीपक खनसूली सहित पराज इंस्टीट्यूट के छात्र -छात्राएं व अन्य उपस्थित थे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!