Thursday, May 28, 2026
Uttarakhand

राज्य मंत्री सुनील सैनी »

उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री सुनील सैनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत एवं दूरदर्शी नेतृत्व में देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान चलाया, जिससे बेटियों को शिक्षा और सम्मान का नया अधिकार मिला। वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों माताओं और बहनों को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर उनके जीवन को आसान बनाया गया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों और शहरों में व्यापक स्तर पर शौचालयों का निर्माण हुआ और देशभर में स्वच्छता का संदेश पहुंचा। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए, जिससे लाखों परिवारों का आवास का सपना साकार हुआ।

सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की देवतुल्य जनता के दिलों में राज करते हैं। उनके नेतृत्व में भारत डिजिटल क्रांति की ओर तेजी से आगे बढ़ा है और आज पूरा देश डिजिटल इंडिया अभियान से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि जो कार्य पहले अकल्पनीय माना जाता था, जैसे जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, वह भी प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में संभव हुआ। आज कश्मीर विकास और शांति की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में दिव्य और भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ, जो करोड़ों देशवासियों की आस्था का प्रतीक है। साथ ही देशभर में सड़क नेटवर्क का व्यापक विस्तार हुआ है, जिससे कश्मीर से कन्याकुमारी तक यात्रा सुगम और सुविधाजनक बनी है।

राज्य मंत्री ने नई शिक्षा नीति-2020 को देश के युवाओं और भविष्य के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी महत्वपूर्ण कार्य किए तथा कई पौराणिक मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया।

सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से किए हर वादे को पूरा करने का प्रयास किया है और हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। अंत में उन्होंने प्रभु से प्रार्थना करते हुए कहा कि देश को लंबे समय तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!