Monday, November 9, 2026
Uttarakhand

26वां राज्य स्थापना दिवस जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया

26वां राज्य स्थापना दिवस जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसीलों में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया

विधायक किशोर उपाध्याय ने आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को किया नमन, कहा- राज्य के विकास में सभी की सहभागिता जरूरी

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा- शहीदों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी

उत्तराखण्ड राज्य का 26वां स्थापना दिवस जनपद टिहरी गढ़वाल के मुख्यालय सहित जनपद की सभी तहसीलों में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य समारोह नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने की, जबकि स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनपद के आंदोलनकारियों को फूलमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने प्रदेशवासियों एवं जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण अनेक आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य प्राप्ति के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और अनेक लोगों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके संघर्षों के फलस्वरूप 9 नवम्बर 2000 को उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुआ। आज राज्य अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह अवसर हमें राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले सभी आंदोलनकारियों और शहीदों के योगदान को स्मरण करने के साथ ही उनके सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव एवं आत्मीयता रही है। प्रधानमंत्री द्वारा समय-समय पर प्रदेश को विकास की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के माध्यम से सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, जिससे राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं एवं मांगों के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में आंदोलनकारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए समिति का गठन किया गया है, जो उनकी विभिन्न समस्याओं का परीक्षण कर समाधान की दिशा में कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन के प्रणेता एवं उत्तराखण्ड की जनभावनाओं के प्रतीक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनकी स्मृति के लिए जिला मुख्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने सभी से राज्य की एकता, संस्कृति, परंपराओं और विकास को आगे बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों को 26वें राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य अनेक आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहादत के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के सपनों को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन करने का भी दिन है कि हम अपने प्रदेश को विकास, खुशहाली और आत्मनिर्भरता की दिशा में किस प्रकार आगे ले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन में टिहरी जनपद का विशेष और ऐतिहासिक योगदान रहा है। राज्य आंदोलन के कई प्रमुख कर्णधार इसी जनपद की धरती से जुड़े रहे हैं। ऐसे में टिहरी जनपद का दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि वह राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन, आधारभूत संरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तराखण्ड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारा प्रयास होना चाहिए कि विकास की इस यात्रा में प्रदेश अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए। यही राज्य आंदोलन के शहीदों एवं आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी, छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया। वहीं, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं समृद्ध विरासत की झलक प्रस्तुत की।

इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को भी सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में अन्य पिछड़ा आयोग परिषद के उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, पूर्व राज्य मंत्री अब्बल सिंह बिष्ट एवं अतर सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, नगर पालिका चम्बा की अध्यक्ष शोभनी धनोला, ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल, दिनेश डोभाल, आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष राकेश भूषण गोदियाल, किशन रावत, सोमदत्त उनियाल, सुन्दर लाल उनियाल, ज्योति भट्ट, गोविन्द रावत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!