34 यात्रियों की जान बचाकर अमर हुआ बेनीराम, मुख्यमंत्री धामी ने फोन पर बेटे से की बात
कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले रोडवेज चालक को पूरे क्षेत्र की श्रद्धांजलि, डीएम मनीष कुमार पहुंचे पैतृक गांव
लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाटन पुल के समीप हुई दर्दनाक बस दुर्घटना में अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की सुरक्षा के लिए अंतिम क्षण तक संघर्ष करने वाले उत्तराखण्ड परिवहन निगम के चालक एवं स्वाला बड़ोली निवासी बेनीराम थ्वाल की वीरगति पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए प्राण न्यौछावर करने वाले इस जांबाज चालक को लोग भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवंगत चालक के पुत्र से दूरभाष पर वार्ता कर गहरा दुःख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इधर, जिलाधिकारी मनीष कुमार भी दिवंगत चालक के पैतृक गांव स्वाला बड़ोली पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि शासन और जिला प्रशासन की ओर से मिलने वाली सभी अनुमन्य सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बेनीराम थ्वाल के सेवाभाव, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और साहस के साथ किया। उनका जीवन और कर्तव्य के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। दिवंगत चालक के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा सामाजिक संगठनों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

