Sunday, June 21, 2026
HaridwarLatestNewsUttarakhand

विश्व योग दिवस पर शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज में सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास

हरिद्वार, 21 जून। विश्व योग दिवस के अवसर पर शिक्षा मंदिर तरूण हिमालय इंटर कॉलेज, टिबड़ी, शिवलोक, हरिद्वार के प्रांगण में आयोजित भव्य योग शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।

भारतीय योग संस्थान के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य  त्रिलोक चन्द्र भट्ट द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत और अभिनन्दन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती तनु त्यागी द्वारा मंगलाचरण एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई तथा मंच संचालन भी उनके द्वारा किया गया।

योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को ग्रीवा चालन, स्कन्ध चालन, कटिचालन, घुटना संचालन क्रिया, पादहस्तासन, वृक्षासन, ताड़ासन, अर्धचक्रासन एवं त्रिकोणासन का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त बैठकर किए जाने वाले आसनों में वक्रासन, उत्थान मंडूकासन, शशकासन एवं अर्ध उष्ट्रासन का अभ्यास कराया गया। पेट के बल किए जाने वाले आसनों में भुजंगासन एवं शलभासन तथा पीठ के बल किए जाने वाले आसनों में उत्तानपादासन एवं सेतुबंधासन का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के अंत में अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान कराया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि  त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का सर्वाेत्तम माध्यम है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया।

तरूण हिमालय के अध्यक्ष  गंगादत्त शर्मा ने कहा कि योग स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की आधारशिला है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

संस्था के अध्यक्ष  बलदेव रावत ने अपने वक्तव्य में कहा कि योग भारत की विश्व को अनमोल देन है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है तथा समाज में स्वास्थ्य और सद्भाव का वातावरण बनता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

संस्था के कोषाध्यक्ष  हर्ष मोहन रावत ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने सभी से योग के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में शिक्षा समिति के प्रबंधक  बददेव सिंह रावत, कोषाध्यक्ष  हर्ष मोहन रावत, तरूण हिमालय के अध्यक्ष  गंगादत्त शर्मा, प्रधानाचार्य  त्रिलोक चन्द्र भट्ट,  प्रमोद पंत, कमल राणा मिनाक्षी गर्ग, रेखा त्यागी, उषा चौधरी, अनीता रावत, प्रियंका शर्मा, प्रतिभा शर्मा, सुधा जैन, आशा, कान्ति रावत, नमिता नौडियाल, शशि गर्ग, सरोज चौहान, माया पंत, जय प्रकाश, नरेन्द्र चौधरी, जय भगवान,
सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!