यशवंत सिन्हा को हराकर द्रौपदी मुर्मू बनी देश की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति

नई दिल्ली। द्रौपदी मुर्मू देश की पहली महिला आदिवासी राष्‍ट्रपति बन गई हैं। वह देश की दूसरी महिला राष्‍ट्रपति हैं, उनसे पहले प्रतिभा पाटिल देश का राष्‍ट्रपति पद संभाल चुकी हैं। आज तीसरे राउंड के बाद द्रौपदी मुर्मू ने 50 फीसदी के आंकड़े को पार कर लिया है हालांकि अभी एक और राउंड की वोटों की गिनती होनी बाकी है। राष्‍ट्रपति पद के चुनाव में द्रौपदी ने विपक्ष के उम्‍मीदवार यशवंत सिन्‍हा को पराजित किया।
द्रौपदी मुर्मू को बधाई देते हुए पीएम ने अपने संदेश में लिखा, द्रौपदी मुर्मू जी एक असाधारण विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्‍यपाल के तौर पर उनका बेहतरीन कार्यकाल रहा है। मुझे यकीन है कि वे उत्‍कृष्‍ट राष्‍ट्रपति साबित होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्‍व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी। पीएम नरेंद्र मोदी, उनके कैबिनेट के वरिष्‍ठ सदस्‍य और बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा ने द्रौपदी मुर्मू के आवास पर पहुंचकर उनको बधाई दी।
उधर राष्ट्रपति पद की दौड़ में विजेता बनकर उभरी‘‘ओडिशा की बेटी द्रौपदी मुर्मू के गृह नगर रायरंगपुर समेत पूरे राज्य में जश्न का माहौल है। मयूरभंज जिले के रायरंगपुर शहर स्थित मुर्मू के आवास के बाहर लोगों का जमावड़ा लगा है और वे आदिवासी संगीत पर थिरक रहे हैं। उत्सव का ऐसा ही नजारा जिले के पहाड़पुर गांव में भी है जो कि मुर्मू का ससुराल है।
द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति हैं। तीसरे राउंड में कर्नाटक, केरल, मध्‍य प्रदेश, महाराष्‍ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब के वोटों की गिनती हुई। इस राउंड में कुल वैध वोट 1333 रहे जिनकी वैल्‍यू 1,65,664 है. द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले जबकि यशवंत सिन्‍हा को 521 वोट मिले.दूसरे राउंड की बात करें तो इसमें वर्णानुक्रम में आने वाले पहले 10 राज्‍यों के बैलेट पेपर की गणना की गई, इसमें कुल 1138 वोट पड़े जिनकी कुल वैल्‍यू 1,49,575 है । इन वोटों में से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट (वैल्‍यू 1,05,299) मिले हैं जबकि यशवंत सिन्‍हा को 3329 वोट मिले हैं जिनकी वैल्‍यू 44,276 है. पहले राउंड के बाद जानकारी दी गई थी कि सांसदों के कुल वैध मतों की संख्या 748 थी, जिनमें से 540 वोट द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में रहे जबकि 204 वोट विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हासिल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!