पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बारिश
मौसम का मिजाज बदलने के एक बार फिर देश के पहाड़ी क्षेत्रों हिमाचल, उत्तराखंड व जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरी राजस्थान में 7 जनवरी से आरंभ हुआ बारिश का दौर 9 जनवरी तक जारी रह सकता है। 09 से 11 जनवरी के बीच विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।
जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। जो उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर है, वह पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने वाला है। दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवात जैसी स्थिति होगी। इसके अलावा जम्मू.कश्मीर, गिलगित.बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश दौर जारी रहेगा। बिहार के कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 जनवरी के बाद बिहार में छह जिलों विशेषकर वैशाली, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी ओर शिवहर में बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने भी राज्य के सभी संभागों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 12 जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने और चमकने के साथ ओलावृष्टि के लिए अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 11 जिलों में मध्यम कोहरे की संभावना है।